रायपुर। राजधानी रायपुर के सिविल लाइन वार्ड स्थित भावे नगर नाले की सफाई को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों की शिकायत पर नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी मौके पर पहुंचे और नाले का निरीक्षण किया।आकाश तिवारी ने आरोप लगाया कि करीब 15 दिन पहले महापौर मीनल चौबे ने स्वयं नाले का निरीक्षण कर जल्द और बेहतर सफाई कराने का आश्वासन दिया था। लेकिन 15 दिन बाद भी स्थिति में कोई खास सुधार नहीं दिखा। उनका कहना है कि सफाई के नाम पर केवल ऊपरी कचरा हटाया गया, जबकि नाले की गहराई में जमी गाद और कचरा नहीं निकाला गया।निरीक्षण के दौरान नाले में दोबारा कचरा जमा मिला, जिससे पानी का बहाव बाधित हो गया है। नेता प्रतिपक्ष का कहना है कि यदि नाले की वैज्ञानिक और पूरी तरह सफाई होती, तो पानी का प्रवाह लगातार बना रहता।उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों और महापौर परिषद पर नालों की सफाई को लेकर गंभीर नहीं होने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि यही स्थिति रही तो बारिश के दौरान राजधानी रायपुर को जलभराव से बचाना मुश्किल होगा। उनके अनुसार नगर निगम केवल औपचारिकता निभा रहा है, जबकि जमीनी स्तर पर प्रभावी सफाई नहीं हो रही है।स्थानीय नागरिकों ने भी नालों की समुचित सफाई कराने और जलभराव की समस्या से राहत दिलाने की मांग की है। यह खबर नेत प्रतिपक्ष पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों और हमारी टीम द्वारा मौके पर किए गए निरीक्षण के आधार पर तैयार की गई है।



















Leave a Reply