स्कूटी पर सवार होकर विकास कार्यों का निरीक्षण करने निकले डिप्टी सीएम अरुण साव, बरसात से पहले सड़क, एसटीपी और अधोसंरचना परियोजनाओं का लिया जायजा,

बिलासपुर, रविवार।उप मुख्यमंत्री अरुण साव रविवार को स्कूटी से बिलासपुर शहर के विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण करने निकले। उन्होंने बरसात से पहले सड़क निर्माण, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), कन्वेंशन सेंटर, राम सेतु और अशोक नगर क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों का स्थल पर पहुंचकर जायजा लिया तथा अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।अरुण साव ने अरपा नदी के बढ़ते प्रदूषण पर भी चिंता जताई। उन्होंने बताया कि वर्तमान में लगभग 70 नालों का गंदा पानी सीधे नदी में गिर रहा है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगभग 250 करोड़ रुपये की लागत से दो एसटीपी स्थापित करने की योजना तैयार की गई है। उन्होंने नगर निगम आयुक्त को प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए, ताकि स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जा सके।उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना, लोक निर्माण विभाग और नगर निगम की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से बिलासपुर में अधोसंरचना विकास तेजी से किया जा रहा है। सरकार की प्राथमिकता नागरिकों को बेहतर सड़क, स्वच्छ वातावरण और गुणवत्तापूर्ण मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है।निरीक्षण के दौरान विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी सहित नगर निगम एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *