72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ा, ‘राम-नामी’ बनी सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री।

72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ा, ‘राम-नामी’ बनी सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री
रायपुर, 19 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में राज्य के प्रसिद्ध रामनामी समुदाय की अनूठी परंपरा पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘राम-नामी’ को सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री का राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया गया है।
इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल फिल्म की सफलता नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत का सम्मान है। उन्होंने फिल्म के निर्देशक भरतबाला गणपति एवं पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि इस डॉक्यूमेंट्री ने रामनामी समाज की आस्था, समर्पण और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को प्रभावी ढंग से देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामनामी समाज की अनूठी परंपरा छत्तीसगढ़ की अमूल्य धरोहर है। यह समुदाय अपने शरीर पर ‘राम’ नाम अंकित कर भगवान श्रीराम के प्रति अटूट श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत करता है। इस विरासत को राष्ट्रीय मंच पर सम्मान मिलना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने विश्वास जताया कि इस राष्ट्रीय सम्मान से छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, जनजातीय एवं लोक समुदायों की परंपराओं को देश और दुनिया में नई पहचान मिलेगी तथा प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण और प्रचार-प्रसार को भी नई गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *