23अगस्त 2026/रायपुर
रायपुर माता कौशल्या की पुण्यधरा चंदखुरी से हजारों कांवड़ियों की मौजूदगी में सामाजिक सद्भाव विशाल कांवड़ यात्रा का भव्य शुभारंभ हुआ। तीन दिवसीय यह ऐतिहासिक यात्रा चंदखुरी से आरंग तक करीब 71 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यात्रा के माध्यम से गांव-गांव पहुंचकर सामाजिक एकता, समरसता और भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।कांवड़ यात्रा के दौरान “बोल रहा अब हिंदुस्तान, मनखे-मनखे एक समान” के भाव को प्रमुखता से आगे बढ़ाया जा रहा है। हजारों कांवड़िये सामाजिक भेदभाव और दूरी मिटाकर समाज में प्रेम, अपनत्व और सद्भावना स्थापित करने के संकल्प के साथ यात्रा में शामिल हुए।आयोजकों ने कहा कि यह केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और समरसता का जनअभियान है। यात्रा के दौरान विभिन्न गांवों में लोगों से संवाद कर आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया जाएगा।शुभारंभ अवसर पर भाजपा जिला प्रभारी रायपुर ग्रामीण सुरेंद्र पाटनी, छत्तीसगढ़ चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजीव लोचन दास महाराज, छत्तीसगढ़ आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधीय पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष अंजय शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन कुमार अग्रवाल सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सर्व समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।तीन दिनों तक चलने वाली यह कांवड़ यात्रा चंदखुरी से विभिन्न गांवों से होते हुए आरंग पहुंचेगी। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने सामाजिक समरसता और सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

















Leave a Reply