रायपुर। बस्तर की आत्मसमर्पित नक्सली महिलाओं ने स्वदेशी फैशन शो में आत्मविश्वास के साथ रैंप वॉक कर कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया। छत्तीसगढ़ के पारंपरिक कोसा सिल्क और अन्य हैंडलूम परिधानों में सजी महिलाओं ने रैंप पर अपनी प्रस्तुति देकर आत्मनिर्भरता और पुनर्वास की नई तस्वीर पेश की।कार्यक्रम का यह क्षण भावनात्मक और प्रेरणादायक रहा। कभी नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में हिंसा के साए में जीवन बिताने वाली इन महिलाओं ने मुख्यधारा से जुड़कर सम्मानजनक और आत्मनिर्भर जीवन की ओर बढ़ते अपने कदमों को रैंप वॉक के जरिए अभिव्यक्त किया। उनकी प्रस्तुति को उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा।इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आत्मसमर्पित महिलाओं से आत्मीय संवाद किया। मुख्यमंत्री ने उनका उत्साह बढ़ाते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।खास बात यह रही कि रैंप वॉक में शामिल लगभग सभी महिलाएं पहली बार रायपुर पहुंची थीं। उनके लिए राजधानी रायपुर का यह अनुभव बेहद खास और अविस्मरणीय रहा।आत्मसमर्पित महिलाओं की यह प्रस्तुति केवल फैशन शो का हिस्सा नहीं रही, बल्कि बदलते बस्तर, पुनर्वास की सफलता और महिलाओं के आत्मविश्वास की सशक्त कहानी बनकर सामने आई। यह संदेश भी स्पष्ट हुआ कि अवसर और सम्मान मिलने पर संघर्ष से निकलकर महिलाएं अपने जीवन की नई दिशा स्वयं तय कर सकती हैं।
















Leave a Reply