हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा कनकेश्वर धाम, विशाल भंडारे में हजारों शिवभक्तों ने ग्रहण किया महाप्रसाद,भोले के दरबार में आस्था का महासंगम, सावन के प्रथम सोमवार पर।

कोरबा/ 3 अगस्त

सावन माह के प्रथम सोमवार को कनकी स्थित कनकेश्वर धाम शिवमय हो उठा। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष के बीच हजारों शिवभक्तों एवं कांवरियों ने भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक, पूजा-अर्चना एवं कांवर अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। श्रद्धा, सेवा और भक्ति का अनुपम संगम उस समय देखने को मिला जब कोरबा कांवरिया संघ द्वारा आयोजित विशाल महाप्रसाद (भंडारा) में दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।*32 साल से जारी हैं शिव भक्तों की सेवा की परंपरा*वर्ष 1996 से प्रारंभ हुई सेवा की यह परंपरा आज भी पूरी श्रद्धा के साथ निरंतर जारी है। पिछले 32 वर्षों से कोरबा कांवरिया संघ सावन मास के प्रत्येक सोमवार को कनकेश्वर धाम में विशाल भंडारे का आयोजन कर शिवभक्तों की सेवा करता आ रहा है। इसी कड़ी में इस वर्ष भी सावन के प्रथम सोमवार को हजारों श्रद्धालुओं के लिए भव्य महाप्रसाद की व्यवस्था की गई। पूरे आयोजन में सेवा भावना, अनुशासन और भक्तिभाव का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।*शिवभक्तों की सेवा ही सच्ची शिवभक्ति – कोरबा कांवरिया संघ*कोरबा कांवरिया संघ के नागरमल अग्रवाल, ठाकुर दास मनमानी, महेश अग्रवाल, दिनेश पटेल, राकेश नागरमल अग्रवाल, अर्जुन गुप्ता एवं मनीष मनमानी ने कहा कि सावन केवल भगवान शिव की आराधना का महीना नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और मानवता का भी पर्व है। शिवभक्तों की निस्वार्थ सेवा ही सच्ची शिवभक्ति है। संघ का उद्देश्य प्रत्येक श्रद्धालु को महादेव के दरबार में सम्मानपूर्वक सेवा और महाप्रसाद उपलब्ध कराना है। यह सेवा आगे भी निरंतर जारी रहेगी।भंडारे में श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण कर आयोजन की सराहना की तथा कोरबा कांवरिया संघ के सेवा कार्यों की प्रशंसा की। सावन की पावन बेला में कनकेश्वर धाम श्रद्धा, आस्था और भक्ति का केंद्र बना रहा, जहां हर ओर भगवान भोलेनाथ के जयकारों से वातावरण शिवमय हो उठा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *