रायपुर, 14 अगस्त 2026
चिकित्सा शिक्षा विभाग ने मेडिकल कॉलेजों के इंटर्न्स की समस्याओं और मांगों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। आयुक्त चिकित्सा शिक्षा रितेश अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में आईएमए प्रतिनिधियों के साथ प्रदेश के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों के इंटर्न्स शामिल हुए। बैठक में इंटर्न्स की समस्याओं के समाधान को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई।बैठक में इंटर्न्स ने सबसे प्रमुख मांग स्टाइपेंड बढ़ाने की रखी। इस पर चिकित्सा शिक्षा विभाग की ओर से आश्वासन दिया गया कि छात्र हित को ध्यान में रखते हुए सरकार हरसंभव कदम उठा रही है। स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग पर गंभीरता से विचार करने की बात भी कही गई।मेडिकल कॉलेजों में हॉस्टल को मंजूरी बैठक में इंटर्न्स को बताया गया कि चालू वित्तीय वर्ष के बजट में प्रदेश के लगभग सभी मेडिकल कॉलेजों में छात्र-छात्राओं के लिए हॉस्टल निर्माण को मंजूरी दी गई है। इससे मेडिकल छात्रों को आवास संबंधी समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है।स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न करने की अपील बैठक के दौरान अधिकारियों ने इंटर्न्स से अपील की कि स्वास्थ्य सेवाएं सीधे तौर पर जनहित से जुड़ी हैं। ऐसे में किसी भी परिस्थिति में अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों, यह सुनिश्चित किया जाए।बैठक में IMA-MSN छत्तीसगढ़ के संयोजक शाहदिल ख़ुसरू ने कहा कि यह बैठक समस्याओं के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक पहल है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बीच सकारात्मक वातावरण में चर्चा हुई और आगे भी संवाद एवं सहयोग की भावना बनाए रखने पर सहमति बनी।उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन और इंटर्न्स के बीच इसी तरह बातचीत जारी रहेगी और स्टाइपेंड समेत अन्य मांगों का जल्द ही संतोषजनक समाधान निकलेगा।बैठक में पं. जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय रायपुर, CIMS बिलासपुर, GMC राजनांदगांव, GMC कांकेर और GMC अंबिकापुर के इंटर्न्स उपस्थित रहे।













Leave a Reply