जापान से आए सैलानियों ने देखा सिरपुर का ऐतिहासिक वैभव।

16 सितंबर 2026/सिरपुर छत्तीसगढ़ की समृद्ध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत जापान के मत्सुयामा स्थित एहिमे यूनिवर्सिटी के 17 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने सिरपुर का भ्रमण किया।छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा प्रतिनिधिमंडल के लिए विशेष हेरिटेज टूर आयोजित किया गया। एनआईटी रायपुर के अकादमिक एवं शोध सहयोग कार्यक्रम के तहत छत्तीसगढ़ पहुंचे प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने सिरपुर के प्रमुख पुरातात्विक और ऐतिहासिक स्थलों का दौरा किया।जापानी प्रतिनिधिमंडल ने लक्ष्मण मंदिर, आनंद प्रभु कुटी विहार, स्वास्तिक विहार और तीवरदेव महाविहार सहित विभिन्न विरासत स्थलों का अवलोकन किया। इस दौरान स्थानीय गाइड ने प्रतिनिधिमंडल को इन स्थलों के इतिहास, प्राचीन स्थापत्य कला और सांस्कृतिक महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।सिरपुर की प्राचीन स्थापत्य शैली और पुरातात्विक विरासत को देखकर प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने रुचि दिखाई और यहां की ऐतिहासिक धरोहर को करीब से समझने का प्रयास किया।छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की इस पहल को राज्य की विरासत और पर्यटन स्थलों को अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। ऐसे हेरिटेज टूर से छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक-सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा मिलने के साथ राज्य में पर्यटन की संभावनाओं को भी मजबूती मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *