रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस ने समय रहते बड़ी कार्रवाई करते हुए पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में डकैती की साजिश को विफल कर दिया। गुढ़ियारी थाना पुलिस ने दिल्ली निवासी देवांश शर्मा (19), सुशांत कुमार पासवान (19) तथा बिहार निवासी मयंक सिंह (19) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मयंक सिंह इस गिरोह का मुख्य आरोपी है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो धारदार चाकू, तीन मोबाइल फोन और 2,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।मुखबिर की सूचना पर दबिशपुलिस को सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-7 के पीछे कुछ युवक हथियारों के साथ किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही गुढ़ियारी थाना पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में डकैती की योजना का खुलासा किया।पहले की थी रेकीजांच में पता चला कि गिरोह ने करीब एक माह पहले ज्वेलरी शोरूम की रेकी की थी। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, कर्मचारियों की गतिविधियों, पुलिस गश्त और वारदात के बाद भागने के संभावित रास्तों का बारीकी से अध्ययन किया गया था। रेकी के दौरान ली गई तस्वीरें मोबाइल के जरिए फरार साथियों को भेजी गई थीं। पर्याप्त साथियों की कमी के कारण उस समय वारदात को अंजाम नहीं दिया गया था।हथियारों के स्रोत की जांचपुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को देशी पिस्टल और कारतूस कहां से मिले। जब्त मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच कर कॉल डिटेल, चैट और फोटो खंगाले जा रहे हैं। साथ ही फरार आरोपियों और गिरोह के नेटवर्क की भी तलाश की जा रही है।डीसीपी (नॉर्थ) दीपमाला कश्यप ने बताया कि शहर में चलाए जा रहे प्रोएक्टिव पुलिसिंग अभियान के तहत समय रहते सूचना मिलने से बड़ी वारदात टाल दी गई। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपियों की तलाश कर रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।


















Leave a Reply