रायपुर में पहली बारिश ने खोली नगर निगम के दावों की पोल: नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी
रायपुर, 5 जुलाई। राजधानी रायपुर में शनिवार रात से जारी लगातार बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव की गंभीर स्थिति बन गई। रविवार सुबह रायपुर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने पंडित रविशंकर शुक्ल वार्ड, सिविल लाइन वार्ड, गुरु गोविंद सिंह वार्ड और शंकर नगर वार्ड का दौरा कर हालात का जायजा लिया।आकाश तिवारी ने आरोप लगाया कि नगर निगम द्वारा बरसात से पहले जल निकासी और नालों की सफाई के बड़े-बड़े दावे किए गए थे, लेकिन पहली ही बारिश में इन दावों की पोल खुल गई। उन्होंने कहा कि शहर के कई वार्डों में सड़कों पर पानी भर गया है और अनेक स्थानों पर बारिश का पानी लोगों के घरों तक पहुंच गया।उन्होंने कहा कि उन्होंने बरसात शुरू होने से पहले ही जलभराव की आशंका को लेकर नगर निगम प्रशासन और महापौर को आगाह किया था, लेकिन समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए। इसका परिणाम यह हुआ कि पहली ही बारिश में राजधानी के कई हिस्से जलमग्न हो गए।नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि जब शहरवासी जलभराव से परेशान हैं, तब महापौर, उनकी परिषद और संबंधित अधिकारी मौन बने हुए हैं। उन्होंने नगर निगम से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था सुधारने, प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य तेज करने तथा भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की।















Leave a Reply