12 नवंबर 2026 रायपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार उपलब्धि हासिल की है। प्रदेश के तीन नगरीय निकायों रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। विशेष उपलब्धि बिलासपुर जिले की नगर पंचायत बिल्हा ने हासिल की, जिसने 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं बिलासपुर को स्वच्छ नदी तटवर्ती शहर श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय स्थान मिला, जबकि रायपुर नगर निगम को स्वच्छता के क्षेत्र में राज्य में प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ।नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा तथा संबंधित नगरीय निकायों के महापौरों और अधिकारियों ने राष्ट्रीय पुरस्कार ग्रहण किया। कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर तथा केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी उपस्थित रहे।### मुख्यमंत्री ने दी बधाईमुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रदेशवासियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्वच्छता कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ को मिले राष्ट्रीय सम्मान प्रदेश के शहरों की बदलती तस्वीर और स्वच्छता के प्रति नागरिकों की सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि बिल्हा का देश में प्रथम स्थान, बिलासपुर का राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय स्थान और रायपुर का राज्य में अग्रणी प्रदर्शन पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। हमारा लक्ष्य केवल स्वच्छता की रैंकिंग में आगे बढ़ना नहीं, बल्कि ऐसी स्थायी व्यवस्था विकसित करना है, जिसमें स्वच्छता प्रत्येक नागरिक की आदत और हर शहर की पहचान बने।### सामूहिक प्रयासों का मिला सम्मानउप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश के तीन नगरीय निकायों को सम्मानित किया जाना महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह सम्मान नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वच्छता कर्मियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।उन्होंने कहा कि बिल्हा जैसे छोटे नगरीय निकाय का देश में प्रथम स्थान प्राप्त करना साबित करता है कि बेहतर प्रबंधन, जनसहभागिता और स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता से सीमित संसाधनों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया जा सकता है।### समारोह में ये रहे उपस्थितसमारोह में रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, बिलासपुर नगर निगम की महापौर पूजा विधानी, नगर पंचायत बिल्हा की अध्यक्ष वंदना जेंड्रे, राज्य शहरी विकास अभिकरण के मिशन संचालक एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल, रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, बिलासपुर नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।स्वच्छ सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ की यह उपलब्धि प्रदेश में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने, नागरिक सहभागिता बढ़ाने और बेहतर नगरीय सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान प्रदान करती है।
















