अबूझमाड़ में बारिश का कहर: बीएसएफ कैंप में घुसा बाढ़ का पानी, जवानों ने छत और पेड़ों पर चढ़कर बचाई जान।

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्थाओं को भी गंभीर रूप से प्रभावित किया है। भारी बारिश के चलते बालेबेड़ा और सितराम स्थित बीएसएफ कैंपों में अचानक बाढ़ का पानी घुस गया, जिससे पूरा कैंप जलमग्न हो गया।बताया जा रहा है कि पानी का स्तर इतनी तेजी से बढ़ा कि कई जवानों को कैंप से बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका। जान बचाने के लिए जवानों को बैरकों की छतों और आसपास के पेड़ों पर चढ़कर घंटों इंतजार करना पड़ा।इस बीच कैंप के भीतर मौजूद जवानों द्वारा बनाया गया एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक जवान भावुक अंदाज में कहते हुए सुनाई देता है, “हम चिड़िया की तरह छत पर बैठे हुए हैं। पानी इतनी तेजी से पोस्ट में आया कि बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला। जान बचाने के लिए छत और पेड़ों का सहारा लेना पड़ा।”लगातार बारिश के कारण अबूझमाड़ क्षेत्र की कई नदियां और नाले उफान पर हैं, जिससे आवागमन भी प्रभावित हुआ है। फिलहाल सुरक्षा बलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है और हालात सामान्य होने का इंतजार किया जा रहा है।हालांकि, इस घटना में किसी जवान के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *