वेतन विसंगति और पदोन्नति की मांगों पर उच्चस्तरीय समिति करेगी विचार, हड़ताल अवधि की कार्यवाहियों पर भी सहानुभूतिपूर्वक विचार का आश्वासन
रायपुर, 22 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ पटवारी संघ ने अपनी राज्यव्यापी हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की है। रविवार को मुख्यमंत्री निवास में पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं को विस्तार से रखा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पटवारियों की समस्याओं को गंभीरता और सहानुभूतिपूर्वक सुना। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों का समाधान संवाद और आपसी समझ के माध्यम से किया जाना चाहिए। राज्य सरकार अपने कर्मचारियों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है।
मुख्यमंत्री ने पटवारियों की वेतन विसंगति और पदोन्नति से संबंधित मांगों के परीक्षण के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश दिए। यह समिति मांगों के विभिन्न पहलुओं का अध्ययन कर उनके निराकरण के संबंध में अपनी अनुशंसाएं प्रस्तुत करेगी।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने हड़ताल अवधि के दौरान पटवारियों के खिलाफ हुई कार्यवाहियों पर भी सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री के सकारात्मक रुख और मांगों पर विचार के लिए समिति गठित करने के निर्णय के बाद पटवारी संघ ने हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की। संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि उनकी मांगों का सकारात्मक समाधान निकलेगा।
#











