**रायपुर, 22 नवंबर 2026।** मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड के ग्राम पमशाला स्थित ईब नदी के तट पर श्री राधा-कृष्ण मंदिर (कंवर धाम) में आयोजित कार्तिक मास के भजन-कीर्तन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने अपनी धर्मपत्नी एवं कंवर समाज की राष्ट्रीय अध्यक्ष कौशल्या साय के साथ भगवान राधा-कृष्ण की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के साथ मंजीरा बजाकर भजन-कीर्तन में भी सहभागिता की।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की 62 कीर्तन मंडलियों को वाद्य यंत्र, वेशभूषा और अन्य आवश्यक सामग्री खरीदने के लिए शासन की ओर से आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भजन-कीर्तन हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इन्हें संरक्षित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।मुख्यमंत्री ने कहा कि मानव जीवन की वास्तविक सार्थकता दूसरों के काम आने, जरूरतमंदों की सहायता करने और समाज के कल्याण के लिए कार्य करने में है। दूसरों के दुख-दर्द को समझकर उनकी मदद करना ही सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज में प्रेम, भाईचारे और एकता की भावना को मजबूत करते हैं।साय ने छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति का उल्लेख करते हुए कर्मा, दमकच, झूमर और महादेव नाचा जैसी परंपराओं को प्रदेश की अमूल्य धरोहर बताया। उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षा और विकास के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों से जुड़े रहना भी जरूरी है।**जशपुर में मेडिकल की पढ़ाई शुरू होना बड़ी उपलब्धि**मुख्यमंत्री ने कहा कि जशपुर जिले में चिकित्सा शिक्षा की शुरुआत ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे स्थानीय युवाओं को अपने ही जिले में चिकित्सा की पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा। साथ ही आने वाले समय में जिले की स्वास्थ्य सेवाएं भी मजबूत होंगी। सरकार दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।**संत गहिरा गुरु महाराज के योगदान को किया याद**मुख्यमंत्री ने कंवर समाज के गौरवशाली इतिहास और सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए संत गहिरा गुरु महाराज को याद किया। उन्होंने कहा कि संत गहिरा गुरु महाराज ने तपस्या, समाज सुधार और जनजातीय समाज के उत्थान के लिए अपना जीवन समर्पित किया। रामायण की शिक्षा और आध्यात्मिक जागरण के माध्यम से उन्होंने समाज को सदाचार, अनुशासन और सात्विक जीवन अपनाने की प्रेरणा दी।**सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन की दी जानकारी**मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार मोदी की गारंटी को पूरा करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख आवासों की स्वीकृति, किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी, महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 68 लाख महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता और भूमिहीन कृषि मजदूरों को सालाना 10 हजार रुपये देने सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 का उल्लेख करते हुए बताया कि नागरिक बिजली ट्रांसफार्मर बदलने, नामांतरण, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र तथा अन्य समस्याओं के निराकरण के लिए चौबीसों घंटे शिकायत दर्ज करा सकते हैं। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से भी घर बैठे शासकीय सेवाओं का लाभ लिया जा सकता है।ग्राम पमशाला के राधा-कृष्ण मंदिर में 27 अक्टूबर से प्रतिदिन सुबह और शाम भजन-कीर्तन आयोजित किए जा रहे हैं। इसमें क्षेत्र की 62 कीर्तन मंडलियां भाग ले रही हैं। महीनेभर चलने वाले इस आयोजन का समापन 24 नवंबर को होगा।कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, पूर्व विधायक भरत साय, यश प्रताप सिंह जूदेव, वेद प्रकाश भगत, कंवर समाज के पूर्व अध्यक्ष आर.एन. साय, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष स्वधा साय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कीर्तन मंडलियों के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
राधा-कृष्ण मंदिर में मुख्यमंत्री साय ने की पूजा-अर्चना, 62 कीर्तन मंडलियों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा**कंवर धाम में भजन-कीर्तन में हुए शामिल, बोले- परोपकार और जरूरतमंदों की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म,जशपुर में चिकित्सा शिक्षा की शुरुआत को बताया ऐतिहासिक उपलब्धि











