*रायपुर, 22 नवंबर 2026।** केंद्रीय जेल रायपुर में बंदियों के सुधार, पुनर्वास और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी कड़ी में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में कौशल प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले 70 बंदियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इनमें 40 पुरुष बंदियों ने कंप्यूटर शिक्षा और 30 महिला बंदियों ने ब्यूटी पार्लर एवं हेयर ड्रेसिंग का प्रशिक्षण प्राप्त किया।भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के जन शिक्षण संस्थान निदेशालय तथा छत्तीसगढ़ जेल एवं सुधारात्मक सेवाओं के संयुक्त तत्वावधान में यह प्रशिक्षण ‘निश्चय कार्यक्रम’ के अंतर्गत आयोजित किया गया। पुरुष बंदियों को कंप्यूटर कॉन्सेप्ट और महिला बंदियों को असिस्टेंट हेयर ड्रेसर (एडवांस) का प्रशिक्षण दिया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं छत्तीसगढ़ के महानिदेशक हिमांशु गुप्ता ने प्रशिक्षण प्राप्त बंदियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि जेलों में शिक्षा, प्रशिक्षण और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराना सुधारात्मक प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। वर्तमान डिजिटल युग में कंप्यूटर शिक्षा रोजगार के नए अवसर खोल सकती है, वहीं ब्यूटी पार्लर और हेयर ड्रेसिंग का प्रशिक्षण महिला बंदियों को रिहाई के बाद स्वरोजगार शुरू करने में मददगार साबित होगा।उन्होंने कहा कि कौशल विकास केवल रोजगार पाने का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, आत्मसम्मान और सकारात्मक सोच विकसित करने का भी जरिया है। बंदियों को हुनरमंद बनाकर समाज की मुख्यधारा में सम्मानपूर्वक वापस लाना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जन शिक्षण संस्थान रायपुर के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी ठाकुर राम सिंह ने कहा कि शिक्षा और हुनर व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाने के साथ जीवन में नई संभावनाएं पैदा करते हैं। प्रशिक्षण के माध्यम से बंदी भविष्य में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर हासिल कर सकेंगे।इस अवसर पर केंद्रीय जेल रायपुर के अधीक्षक योगेश सिंह क्षत्री, जन शिक्षण संस्थान के निदेशक अतुल सिंह तथा राष्ट्रीय कौशल विकास निगम, नई दिल्ली के छत्तीसगढ़-झारखंड राज्य समन्वय अधिकारी वैभव अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।‘निश्चय कार्यक्रम’ के माध्यम से जेलों को केवल सजा काटने का स्थान नहीं, बल्कि सुधार, शिक्षा और पुनर्वास के केंद्र के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।















