चलती ट्रेन से लापता हुई विवाहिता 6 दिन बाद बिहार से बरामद, पति से नाराज होकर खुद चली गई थी प्रज्ञा सिंह
उत्तराखंड के लक्सर से चलती ट्रेन में रहस्यमय तरीके से लापता हुई विवाहिता प्रज्ञा सिंह आखिरकार 6 दिन बाद बिहार के बेगूसराय से बरामद हो गई। शुरुआती दौर में महिला के अपहरण की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन पुलिस जांच में मामला पूरी तरह अलग निकला।
जानकारी के मुताबिक, चार महीने पहले प्रेम विवाह करने वाली प्रज्ञा सिंह अपने पति मनीष के साथ केदारनाथ यात्रा पर गई थी। दोनों हरिद्वार से गाजियाबाद लौट रहे थे। इसी दौरान मुज़फ्फरनगर के पास जब पति की आंख खुली तो प्रज्ञा सीट पर नहीं मिली। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा, जिसके बाद परिजनों और पुलिस ने किडनैपिंग की आशंका जताई थी।
जांच के दौरान पुलिस को प्रज्ञा की आखिरी लोकेशन लक्सर रेलवे स्टेशन के पास मिली। हालांकि स्टेशन के कई सीसीटीवी कैमरे खराब होने की वजह से पुलिस को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बाद में पता चला कि प्रज्ञा बिहार पहुंच गई है, जिसके बाद पुलिस टीम उसे वापस लेकर आई।
पूछताछ में प्रज्ञा सिंह ने बताया कि यात्रा के दौरान किसी बात को लेकर पति से कहासुनी और मनमुटाव हो गया था। इसी नाराजगी में वह अपने रिजर्वेशन कोच से निकलकर दूसरी बोगी में जाकर बैठ गई। उसने बताया कि लक्सर रेलवे स्टेशन के पास अपना मोबाइल सिम निकालकर फेंक दिया था ताकि कोई उससे संपर्क न कर सके।
प्रज्ञा ने पुलिस को बताया कि वह गाजियाबाद उतरी और वहां से दूसरी ट्रेन पकड़कर पटना चली गई, जहां उसके कुछ परिचित रहते हैं। महिला ने साफ कहा कि उसके साथ किसी प्रकार की आपराधिक घटना नहीं हुई और उसने यह सब अपनी मर्जी से किया था।
पुलिस के मुताबिक मामले में किसी अपराध की पुष्टि नहीं हुई है। आवश्यक पूछताछ के बाद महिला को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। वहीं पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की औपचारिक जांच पूरी कर रही है।















Leave a Reply