बस्तर, 30 जुलाई
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के विकसित और सकारात्मक बस्तर के विजन को रचनात्मक अभिव्यक्ति देने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग के सहयोग से देश की एकमात्र मासिक कार्टून पत्रिका ‘कार्टून वॉच’ द्वारा जगदलपुर में ‘मुस्कुराता बस्तर’ थीम पर विशेष कार्टून कार्यशाला आयोजित की जाएगी। कार्यशाला में स्कूली विद्यार्थियों को कार्टून और कैरिकेचर कला का प्रशिक्षण दिया जाएगा।कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य, पर्यटन स्थलों और लोकजीवन को रचनात्मक ढंग से चित्रित करने के लिए प्रेरित करना है। साथ ही कला के माध्यम से बस्तर की सकारात्मक छवि को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।कार्टून वॉच के संपादक त्र्यंबक शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बस्तर विकास, पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान के नए आयाम स्थापित कर रहा है। चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, बस्तर दशहरा सहित अनेक सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक धरोहरें आज देश-दुनिया के पर्यटकों को आकर्षित कर रही हैं। इन्हीं सकारात्मक पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्यशाला की थीम ‘मुस्कुराता बस्तर’ रखी गई है।कार्यशाला में दिल्ली के वरिष्ठ कार्टूनिस्ट माधव जोशी तथा पुणे के प्रसिद्ध कैरिकेचर कलाकार शुभम जिंदे लाइव डेमो के माध्यम से विद्यार्थियों को कार्टून और कैरिकेचर बनाने की बारीकियां सिखाएंगे। साथ ही उन्हें कार्टून कला के सामाजिक, रचनात्मक और रोजगारपरक पहलुओं की भी जानकारी दी जाएगी।आयोजकों के अनुसार यह कार्यशाला स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करेगी तथा नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, लोक परंपराओं और प्राकृतिक धरोहर से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनेगी। इसके माध्यम से बस्तर की सकारात्मक पहचान को कला के जरिए देशभर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।















Leave a Reply